28 मार्च 2015 - 19:26
यमन में अंसारुल्लाह और सेना को बड़ी कामयाबी।

सऊदी अरब की ओर से यमन में जनांदोलन अंसारुल्लाह के ठिकानों के अलावा विभिन्न स्थानों पर गंभीर हवाई हमलों के चलते अंसारुल्लाह ने यमन के दक्षिण में अद्भुत सफलता हासिल की है।

अबनाः रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब की ओर से यमन में जनांदोलन अंसारुल्लाह के ठिकानों के अलावा विभिन्न स्थानों पर गंभीर हवाई हमलों के चलते अंसारुल्लाह ने यमन के दक्षिण में अद्भुत सफलता हासिल की है। रोयटर समाचार एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि हौसियों ने शुक्रवार को सऊदी अरब के हवाई हमलों के चलते यमन के दक्षिण और पूर्व में बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। अंसारुल्लाह और यमन सेना ने अदन से 100 किलोमीटर की दूरी पर पूर्व में स्थित महत्वपूर्ण बंदरगाह "शिकरह" बंदरगाह पर अपना कब्जा जमा लिया है। प्राप्त सूचना के अनुसार कल शुक्रवार को अंसारुल्लाह ने "अबीन" जिले को पूरी तरह से अपने कंट्रोल में ले लिया है जो तटीय क्षेत्र होने के नाते अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है तथा "शिबवह" पर भी सेना और अंसारुल्लाह का पूरा नियंत्रण हो गया है। दूसरी ओर अंसारुल्लाह ने अपने नेता "अब्दुल मलिक अलहोसी" के कहने पर निलंबित सरकार के बंदी रक्षामंत्री "महमूद अलसबीही" और अन्य कई बंदी सैन्य अधिकारियों को मुक्त करने का आदेश जारी करके सबको चौंका दिया। हालांकि इस फैसले से पता चलता है कि अंसारुल्लाह सऊदी हमलों का भरपूर जवाब देने के लिये दृढ़ संकल्प है और जनक्रांतिकारी मोर्चा अंसारुल्लाह सऊदी अरब की आक्रामकता के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।